Rishi Prasad- A Spiritual Monthly Publication of Sant Sri Asharam Ji Ashram

कर्म करने से सिद्धि अवश्य मिलती है

- स्वामी अखंडानंदजी

गतासूनगतासूंश्च नानुशोचन्ति पण्डिताः।।

जो विद्वान होते हैं वे शोकग्रस्त कभी नहीं होते । उनकी हार कभी होती ही नहीं । वे दुःख के सामने हारते नहीं, वे भय के सामने हारते नहीं, मोह के सामने हारते नहीं । चरैवेति चरैवेति... उनका मंत्र होता है - चलो-चलो, चलो-चलो ।

एक कथा है महाभारत के उद्योग पर्व में । एक था राजकुमार । जब उसके पिताजी की मृत्यु हो गयी तो उसके शत्रुओं ने उसको घेर लिया । उसकी सेना मजबूत नहीं थी और वह अभी समझता भी नहीं था कि क्या करना चाहिए ? युद्ध में से भाग आया और घर में आकर सो गया । जब उसकी माता को मालूम पड़ा कि हमारा बेटा युद्ध में हार के घर में आकर सोया है, उसने उसको जगाया और बोली कि ‘‘बेटा ! तुम मनुष्य हो, सोने के लिए तुम्हारा जन्म नहीं हुआ । सोने के लिए तो अजगर पैदा होता है । प्रमाद करना या असावधान रहना भी एक प्रकार से सोना ही है ।’’ 

उसने उपदेश किया :

‘‘उत्थातव्यं जागृतव्यं योक्तव्यं भूतिकर्मसु ।।

भविष्यतीत्येव मनः कृत्वा सततमव्यथैः । (महाभारत, उद्योग पर्व : 135.29) 

बेटा उठो ! जागना चाहिए, उठना चाहिए और अच्छे कामों में लग जाना चाहिए । हमें सफलता मिलेगी यह आशा कभी नहीं छूटनी चाहिए, आज नहीं तो कल, कल नहीं तो परसों... ।’’

आशा रखो, उत्साह रखो । उत्साह चाहिए, आशा चाहिए कि हमारे पीछे एक महान शक्ति है जो हमारी मदद कर रही है, हमारे हृदय का संबंध है उसके साथ । यदि उससे संबंध ही छूट गया तो मनुष्य का जीवन निष्प्राण हो जाता है । हमारे पीछे शक्ति का एक बहुत बड़ा पॉवर हाउस है और वहीं से हमारे हृदय में शक्ति आती है । यदि उसके साथ हम अपने हृदय को जोड़कर रखते हैं तो नयी-नयी बुद्धि, नयी-नयी युक्ति, नये-नये कर्म हमारे जीवन में आते हैं ।

उस माता ने बताया कि ‘‘बेटा ! तुम हार गये तो कोई बात नहीं, जीवन में हार और जीत तो आती रहती है । एक बार विफलता जीवन में आ जाय और हाथ पर हाथ रखकर बैठ जायें यह कोई मनुष्य का काम नहीं है । तुम मनुष्य हो । तुम्हारे अंदर जीव के रूप में परमेश्वर निवास करता है । तुम कभी हार नहीं सकते, तुम काम करो ।’’

उसने पूछा : ‘‘सेना है नहीं, सामग्री है नहीं, हम काम क्या करें ?’’

तब उस माता ने बताया कि ‘‘जितने तिरस्कृत लोग हैं समाज में, जिनका लोगों ने अनादर किया है, जो पिछड़े हुए हैं, जिनके पास धन-सम्पत्ति नहीं है, उन सबको तुम संगठित कर लो, मिला लो और उनकी सेना बना के तुम अपने शत्रु से युद्ध करो तो तुम अवश्य विजयी हो जाओगे ।’’

माता के उपदेश से उस राजकुमार ने ऐसा ही किया । इतनी बड़ी सेना उसकी बनी कि उसने शत्रु पर विजय प्राप्त करके अपना जो पुराना राज्य था उसको पुनः प्राप्त कर लिया । 

इसलिए मनुष्य को कभी निराश नहीं होना चाहिए । गीता भी हमको कर्म की प्रेरणा देती है । इसके आदि में भी कर्म की प्रेरणा है और अंत में तो अर्जुन ने भगवान से कहा है कि मैं आपकी आज्ञा का पालन करूँगा । 

कर्मणैव हि संसिद्धिमास्थिता जनकादयः ।  (गीता : 3.20) 

अब तक जिस किसीको कोई भी सिद्धि मिली है, कोई भी सफलता मिली है, वह केवल कर्म करने से ही मिली है । कर्म करने में ‘आशिष्ठो द्रढिष्ठः’ अर्थात् जीवन में उत्साह चाहिए, आशा (सकारात्मक दृष्टि) चाहिए और दृढ़ता चाहिए । कहीं आगे-पीछे, गर्म-नर्म होने पर भी उससे विमुख नहीं होना चाहिए । अपने कर्तव्य का पालन करते जाना चाहिए । जो उद्योग करता है उसको लक्ष्मीप्राप्ति होती है ।

REF: RP-ISSUE-382-OCTOBER-2024